ठियोग में मारपीट के मामले में नेपाली मूल के आठ युवक गिरफ्तार
शिमला, 06 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग उपमण्डल में मारपीट के मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी नेपाली मूल के हैं। पुलिस थाना ठियोग में चार अक्टूबर को गजेड़ी बाईपास में हुई मारपीट और एक व्यक्ति को चोट पहुंचाने के संबंध में मामला दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 190, 191(2), 191(3) और 351(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद पुलिस थाना ठियोग की टीम ने कार्रवाई शुरू की। घटना के चश्मदीद गवाह का बयान दर्ज किया गया। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला ले जाया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान और तलाश की। इसके बाद आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में राम बहादुर कंवर (26) पुत्र बल बहादुर, निर्मल (25) पुत्र भूप बहादुर, अनिल कुमार (22) पुत्र जीत बहादुर, गोविन्दा उर्फ दीपेश (20) पुत्र तेज बहादुर, गणेश (34) पुत्र वम बहादुर, सेती राम (23) पुत्र खिम बहादुर, प्रकाश (19) पुत्र सरसी राम और सुरेन्द्र उर्फ सरोज (27) पुत्र कीर्ति बहादुर शामिल हैं। सभी आरोपी नेपाल के जिला सल्यान के निवासी हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं में कार्रवाई जारी है। सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट, धमकी और हिंसा से जुड़ी घटनाओं में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

