चेक बाउंस मामले में उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार, कंडा जेल भेजा
शिमला, 12 नवंबर (हि.स.)। शिमला पुलिस ने चेक बाउंस के एक मामले में अदालत द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नानक चंद पुत्र दिला राम के रूप में हुई है। पुलिस चौकी जतोग की टीम ने उसे शिमला की जिला एवं सत्र अदालत से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ परक्राम्य लिखत अधिनियम (नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट) की धारा 138 के तहत चेक बाउंस का मामला चल रहा था। यह मामला करीब दो लाख रुपये की राशि से संबंधित है। मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी अदालत में पेश नहीं हुआ था। इसके बाद न्यायालय ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था।
पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद नियमानुसार उसके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी। इसके बाद जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम-I), शिमला की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। इसके बाद उसे कंडा जेल भेज दिया गया।
शिमला पुलिस का कहना है कि अदालतों द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए लोगों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

