home page

दो लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार

 | 
दो लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार


शिमला, 16 अक्टूबर (हि.स.)। चेक बाउंस के एक मामले में अदालत से उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए कमल किशोर को शिमला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत मामला दर्ज था। यह मामला करीब दो लाख रुपये की राशि से संबंधित है।

शिमला सदर थाने की पुलिस टीम ने आरोपी को 14 अक्टूबर को चक्कर रोड स्थित जंकयार्ड से गिरफ्तार किया। उसकी पहचान कमल किशोर पुत्र चेत राम, निवासी जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को ये जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (एसीजेएम-द्वितीय), शिमला की अदालत ने कवि खन्ना बनाम कमल किशोर मामले में 25 जून 2025 को कमल किशोर को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। इसके बाद से वह इस मामले में पुलिस की कार्रवाई के दायरे में था।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी का नियमानुसार चिकित्सा परीक्षण करवाया गया और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। पुलिस के अनुसार उसे 15 अक्टूबर को संबंधित अदालत में पेश किया जाना था।

शिमला पुलिस का कहना है कि अदालतों द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए लोगों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे उन्हें कानूनी प्रक्रिया के समक्ष पेश किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा