आठ साल पुराने मामले में उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार
शिमला, 04 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र में पुलिस ने लंबे समय से तलाश किए जा रहे एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी आठ साल पुराने मामले में वांछित था। जुब्बल निवासी आरोपी अनिल कुमार को पुलिस उपमंडल रोहड़ू की पीओ सेल की टीम ने गिल्टाड़ी थाच से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार जुब्बल थाने में वर्ष 2018 में दर्ज मामले में अनिल कुमार के खिलाफ घर में अनधिकृत प्रवेश, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, गाली-गलौज और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, जुब्बल की अदालत ने 2 सितंबर 2026 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था।
पुलिस के मुताबिक उद्घोषित अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पीओ सेल की टीम लगातार प्रयास कर रही थी। आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस ने उपलब्ध सूचनाओं को जुटाया और स्थानीय स्तर पर जानकारी एकत्र की। इन प्रयासों के आधार पर पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची और उसे गिल्टाड़ी थाच से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़ी लंबित न्यायिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। पुलिस ने बताया कि न्यायालयों द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

