home page

सात साल से फरार उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार, चार मामलों में था वांछित

 | 
सात साल से फरार उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार, चार मामलों में था वांछित


शिमला, 06 अगस्त (हि.स.)। शिमला पुलिस ने करीब सात साल से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को रोहड़ू उपमंडल की पीओ सेल ने उसके पैतृक गांव चिड़गांव से गिरफ्तार किया। आरोपी चार अलग-अलग मामलों में अदालत की ओर से उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था और लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था।

पुलिस के मुताबिक विशेष अभियान के तहत 5 अगस्त को पीओ सेल की टीम ने गुलाब सिंह, पुत्र स्वर्गीय केहर सिंह, निवासी चिड़गांव, जिला शिमला को विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (एसीजेएम), रोहड़ू की अदालत ने परक्राम्य लिखत अधिनियम (नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट) की धारा 138 के चार अलग-अलग मामलों में उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। ये सभी मामले करीब 8.50 लाख रुपये के लेन-देन से जुड़े बताए गए हैं।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को एसीजेएम, रोहड़ू की अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे 12 अगस्त 2026 तक न्यायिक हिरासत में जिला कारागार कैथू भेजने के आदेश दिए हैं।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि उद्घोषित अपराधियों, फरार आरोपियों और अदालत से बच रहे लोगों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ऐसे सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार अदालत के सामने पेश किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा