home page

पांच मामलों में उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार

 | 

शिमला, 28 जुलाई (हि.स.)। शिमला पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को रोहड़ू बाजार से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 57 वर्षीय राजपाल पुत्र स्वर्गीय गोपी नंद के रूप में हुई है। वह चिडग़ांव के गांव थली का निवासी है।

पुलिस के अनुसार उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रोहड़ू उपमंडल की पी.ओ. सेल ने 27 जुलाई को सुबह करीब 11:30 बजे रोहड़ू बाजार में कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि राजपाल को परक्राम्य लिखत अधिनियम (नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट) की धारा 138 और 142 के तहत दर्ज पांच अलग-अलग मामलों में एसीजेएम कोर्ट नंबर-1, रोहड़ू ने उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि फरार आरोपियों और उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और कानून से बचने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा