home page

चेक बाउंस मामले में उद्घोषित अपराधी छह साल बाद गिरफ्तार

 | 
चेक बाउंस मामले में उद्घोषित अपराधी छह साल बाद गिरफ्तार


शिमला, 03 मई (हि.स.)। शिमला जिले में चेक बाउंस के एक पुराने मामले में अदालत से उद्घोषित अपराधी घोषित आरोपी को करीब छह साल बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जिला शिमला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ा जा रहा है।

पुलिस थाना कोटखाई की टीम ने अनिल भारोटा को गिरफ्तार किया, जो गांव बगैन, डाकघर कलबोग, तहसील कोटखाई का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह साल 2019 में दर्ज एक मामले में अदालत में पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।

यह मामला केस संख्या 386/2019 के तहत ‘प्रेम चौहान बनाम अनिल भारोटा’ के रूप में दर्ज है। इसमें नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स अधिनियम की धारा 138 के तहत चेक बाउंस से जुड़ा विवाद शामिल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से न्यायालय की प्रक्रिया से बच रहा था और उसकी तलाश जारी थी।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए। आदेश के तहत उसे शिमला स्थित उप-जेल कैथू में दाखिल किया गया है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि कानून से बचने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके और न्यायिक प्रक्रिया को मजबूती मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा