home page

शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले तीन लोग गिरफ्तार

 | 
शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले तीन लोग गिरफ्तार


शिमला, 13 मई (हि.स.)। शिमला जिले में पुलिस ने कानून व्यवस्था और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को प्रिवेंटिव अरेस्ट किया है। यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126/170 के तहत की गई। पुलिस के अनुसार संबंधित लोग शराब के नशे में हुड़दंग, गाली-गलौच, लड़ाई-झगड़ा और शांति भंग करने जैसी गतिविधियों में शामिल पाए गए।

पुलिस थाना चौपाल क्षेत्र में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट और झगड़ा करने का आरोप है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह आक्रामक व्यवहार करता रहा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और मेडिकल परीक्षण करवाया। डॉक्टर ने रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कलंदरा तैयार कर मामले को कार्यपालिक दण्डाधिकारी की अदालत में भेज दिया है।

इसी तरह पुलिस थाना सुन्नी क्षेत्र में एक महिला ने शिकायत दी कि एक व्यक्ति शराब के नशे में उसके घर के बाहर शोर-शराबा कर रहा है, गाली-गलौच कर रहा है और धमकियां दे रहा है। पुलिस के पहुंचने के बाद भी वह व्यक्ति शांत नहीं हुआ और लोगों के साथ झगड़ा करने पर उतारू रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसे भी धारा प्रिवेंटिव अरेस्ट कर लिया। बाद में उसके खिलाफ भी कलंदरा तैयार कर अदालत में पेश किया गया।

वहीं ठियोग थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी, मकान मालिक और आसपास के लोगों के साथ शराब के नशे में झगड़ा और गाली-गलौच करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार वह सार्वजनिक स्थान पर भी हुड़दंग कर रहा था और पुलिस दल के साथ अभद्र व्यवहार करता रहा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मेडिकल जांच करवाई, जिसमें उसके शराब के प्रभाव में होने की पुष्टि हुई। आरोपी के खिलाफ भी प्रिवेंटिव कार्रवाई करते हुए मामला कार्यपालिक दण्डाधिकारी के न्यायालय में भेजा गया है।

जिला शिमला पुलिस ने लोगों से कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि घरेलू हिंसा, सार्वजनिक हुड़दंग और शांति भंग करने जैसी घटनाओं के खिलाफ आगे भी सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा