जबलपुरः मृत डॉक्टर के नंबर से भेजा गया आपत्तिजनक मैसेज, मेडिकल कॉलेज में मचा हड़कंप
जबलपुर, 21 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार को एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मृत चिकित्सक के मोबाइल नंबर से आपत्तिजनक संदेश भेजे जाने के बाद हड़कंप मच गया है।
यह विवादित मैसेज अस्पताल की सहायक अधीक्षक और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. रिचा शर्मा के व्हाट्सएप पर प्राप्त हुआ। खास बात यह है कि यह संदेश दिवंगत डॉक्टर डॉ. हेमलता श्रीवास्तव के मोबाइल नंबर से भेजा गया है, जिससे पूरे मामले ने सनसनी का रूप ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, संदेश में डॉ. हेमलता की मृत्यु के लिए कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया गया है। मैसेज की भाषा बेहद आपत्तिजनक बताई जा रही है, जिसमें संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। इतना ही नहीं, संदेश में यह भी लिखा गया कि “डॉ. हेमलता उन लोगों को श्राप देती हैं जिनकी वजह से उन्हें वेंटिलेटर और मर्चुरी तक जाना पड़ा।” संदेश भेजने वाले ने यह दावा भी किया है कि संबंधित मोबाइल फोन अब उसके पास कानूनी रूप से मौजूद है, जिससे मामले ने और भी गंभीर मोड़ ले लिया है।
गौरतलब है कि डॉ. हेमलता श्रीवास्तव का नाम पहले भी उनकी संपत्ति को लेकर विवादों में रहा है। इस मामले में जबलपुर नगर निगम और जिला प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा था। लंबी जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद उस विवाद को समाप्त मान लिया गया था। लेकिन शनिवार को सामने आए इस मैसेज ने एक बार फिर पुराने मामलों को हवा दे दी है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि संपत्ति विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और इसके पीछे कोई गहरी साजिश भी हो सकती है।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर है। यह जांच की जा रही है कि मृत डॉक्टर का मोबाइल फोन आखिर किसके पास है और इस तरह के संदेश भेजने के पीछे किसका हाथ है। फिलहाल, पूरे मामले ने चिकित्सा जगत और प्रशासन दोनों को सकते में डाल दिया है, और सभी की नजर अब जांच के नतीजों पर टिकी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

