जबलपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, हथियारों से हमला और वाहनों में तोड़फोड़
जबलपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में लार्डगंज थाना क्षेत्र स्थित उजारपुरवा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने रविवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोगों के आमने-सामने आने के बाद जमकर मारपीट हुई, जिसमें घातक हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया। घटना के दौरान क्षेत्र में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार उजारपुरवा क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से किसी पुराने विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते रविवार देर रात दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों ओर से लोगों ने एक-दूसरे पर हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान पथराव भी हुआ तथा घरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र के कुछ असामाजिक तत्व आए दिन शराब पीने के लिए पैसे मांगते हैं और विरोध करने पर विवाद एवं मारपीट करते हैं।
लोगों के अनुसार रविवार और सोमवार कि दरमियानी रात करीब दो बजे 10 से 12 युवक हथियारों के साथ क्षेत्र में पहुंचे और अचानक हमला कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ कर मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

