बीएसएफ निरीक्षक के सूने घर में चोरी, दरवाजे का ताला ‘फ्रीज’ कर उड़ाए जेवर
जबलपुर, 02 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिहोरा के ब्राम्हणपुरा क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में भिलाई में पदस्थ निरीक्षक राहुल कुररिया हैं। भिलाई में पदस्थ राहुल कुररिया ने सोमवार को सिहोरा पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वे अवकाश पर अपने गृह नगर सिहोरा आए हुए थे। उनकी बहन की तबीयत खराब होने के कारण परिवार के सदस्य नागपुर गए हुए थे। 28 फरवरी की शाम वे अपने ब्राम्हणपुरा स्थित घर में ताला लगाकर ससुराल चले गए थे और घर की चाबी चाची को सौंप दी थी।
जब वे पत्नी के साथ घर लौटे तो मुख्य द्वार का ताला नहीं खुला। ताला काटने वाले को बुलाकर ताला कटवाया गया। अंदर प्रवेश करने पर कमरों के कुंदे और ताले टूटे मिले। आलमारी और पेटी के ताले भी टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर से सोने की झुमकी, टॉप्स, फूलन, दो छोटे मंगलसूत्र, एक चेन, हाय चंद्रना, कंगन सहित चांदी की करधन, पायल, सिक्के और करीब 5 हजार रुपये नगद ले गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने मुख्य दरवाजे के ताले को जाम कर वारदात को अंजाम दिया।
सिहोरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

