जबलपुर में हिरन नदी में मिली युवक की लाश, रात से था लापता
जबलपुर , 02 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा क्षेत्र के ग्राम गाड़ा मझगवां में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हिरन नदी में एक युवक का शव पानी में उतराता मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम गाड़ा निवासी अशोक पिता जवाहर कोल, उम्र 35 वर्ष, मंगलवार रात अपने घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन चिंतित हो गए और उन्होंने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह गाड़ा घाट के पास हिरन नदी में अशोक का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी।
पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि अशोक को मिर्गी के दौरे आते थे। परिजनों ने आशंका जताई कि नदी के पास उसे मिर्गी का दौरा पड़ा होगा, जिसके चलते वह संतुलन खोकर नदी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

