home page

जबलपुर में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, दो युवकों के घर से बड़ी खेप बरामद

 | 
जबलपुर में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, दो युवकों के घर से बड़ी खेप बरामद


जबलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। शहर में अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। घमापुर थाना क्षेत्र के करिया पाथर में पुलिस ने दबिश देकर दो युवकों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। शराब को ट्राली बैग और कार्टून में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने शराब की सप्लाई में इस्तेमाल कार और स्कूटर भी जब्त किया है।

घमापुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे के मुताबिक शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करिया पाथर मरघटाई रोड स्थित न्यू बिल्डिंग की पहली मंजिल पर रहने वाले दीपक कोरी के घर में आयुष चौधरी ने अवैध बिक्री के लिए शराब छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और घमापुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस को घर के कमरे में दो युवक मिले। पुलिस को देखते ही दोनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों की पहचान दीपक कोरी और आयुष चौधरी के रूप में हुई।

पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो एक ट्राली बैग में 50 बोतल देशी शराब, 47 पाव देशी शराब, रॉयल चैलेंजर की 18 बोतल, मैजिक मोमेंट की 8 बोतल, एमडी रम की 20 बोतल, बकार्डी लेमन की 4 बोतल और एमडी व्हिस्की की 5 बोतल मिलीं। इसके अलावा चार कार्टून में 200 पाव देशी शराब भी रखी हुई थी।

पूछताछ में दीपक कोरी ने बताया कि उक्त शराब आयुष चौधरी उसके घर लाकर रखता था। वहीं आयुष ने पुलिस को बताया कि वह कार और स्कूटर के जरिए शराब घर तक लाता था।

पुलिस के अनुसार, आयुष ने पूछताछ में बताया कि नयन रजक निवासी बड़ा फुहारा शराब बेचने का काम करता है। उसके मुताबिक, साहिल यादव और गौरव जायसवाल के माध्यम से सरकारी शराब अलग-अलग लोगों से बिकवाई जाती है। आयुष ने पुलिस को बताया कि बरामद शराब में से कुछ वह कार क्रमांक एमपी 20 जेडएस 6533 और ओला स्कूटर क्रमांक एमपी 20 जेडएल 6393 से लेकर आया था।

पुलिस ने शराब और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। मामले में आरोपियों से पूछताछ कर अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक