जबलपुर पुलिस की बिहार में रेड, अंतर्राज्यीय डकैत सुनील पासवान गिरफ्तार, सवा करोड़ रुपये के सोने के जेवर बरामद
जबलपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। जबलपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच और खितौला थाना पुलिस को ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक डकैती प्रकरण में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बैंक डकैती के पांचवें मुख्य आरोपी अंतर्राज्यीय डकैत सुनील पासवान और लूट का सोना खरीदने वाले चंचल पासवान को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 750 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी कीमत लगभग सवा करोड़ रुपये बताई जा रही है, जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में सुनील पासवान (38) निवासी ग्राम बनाही, थाना आमस, जिला गया (बिहार) तथा चंचल पासवान (38) निवासी गुरूवा हब्बीपुर, थाना गुरूवा, जिला गया (बिहार) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार 11 अगस्त 2025 को खितौला क्षेत्र स्थित ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में पांच अज्ञात बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। डकैत बैंक से लगभग 14 किलो 800 ग्राम सोने के जेवरात और करीब पांच लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर जोन प्रमोद वर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज अतुल सिंह तथा पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय स्वयं घटनास्थल पहुंचे थे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की गई थी।
मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया, डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी तथा उप पुलिस अधीक्षक साइबर सेल अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में विशेष जांच दल गठित किया गया था। प्रकरण का पांचवां मुख्य आरोपी सुनील पासवान लगातार फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
आरोपी की तलाश में क्राइम ब्रांच की टीम बिहार के गया जिले भेजी गई। स्थानीय मुखबिरों, इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच के दौरान सूचना मिली कि सुनील पासवान तिलैया गांव में किराये के मकान में रह रहा है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बिहार एसटीएफ से संपर्क किया गया। एसटीएफ के निरीक्षक दीपक कुमार और उनकी टीम के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए सुनील पासवान को तिलैया गांव से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सुनील पासवान ने खितौला बैंक डकैती में शामिल होना स्वीकार किया। उसने बताया कि डकैती में मिले हिस्से के डेढ़ किलो सोने में से लगभग 750 ग्राम सोना उसने अपने परिचित चंचल पासवान को 45 लाख रुपये में बेच दिया था। आरोपी की निशानदेही पर चंचल पासवान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने उक्त सोना मनोज सोनी नामक व्यक्ति के पास सुरक्षित रखने की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने 750 ग्राम सोने के जेवर बरामद कर लिए। आरोपी ने शेष 750 ग्राम सोना अलग-अलग सुनारों को बेचने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के अनुसार सुनील पासवान के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में लूट और डकैती के नौ गंभीर मामले दर्ज हैं। वह मध्यप्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ और बिहार में बैंक डकैती के कई मामलों में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी को जबलपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
आरोपियों की गिरफ्तारी और सोने के जेवरों की बरामदगी में डीएसपी शैलेष मिश्रा, थाना प्रभारी खितौला रमन सिंह मरकाम सहित क्राइम ब्रांच, साइबर सेल और जिला पुलिस बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

