जबलपुर में मंदिर परिसर में नागा साधु पर चाकू से हमला, पेट-पीठ और सिर के पास आई चोटें
जबलपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में घमापुर थाना क्षेत्र के कांचघर स्थित हनुमान टोरिया इलाके में मंगलवार सुबह मंदिर परिसर के भीतर नागा साधु अखंडानंद गिरी स्वामी पर चाकू से हमला किए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। हमले में साधु के पेट, पीठ और सिर के पास चोटें आई हैं। वारदात के पीछे कौन था और हमला किस वजह से किया गया, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने कई संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
धार्मिक पर्व के दिन मंदिर परिसर में हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर साधु के स्वास्थ्य की जानकारी ली। अधिकारियों ने घटनास्थल मंदिर परिसर का निरीक्षण भी किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अखंडानंद गिरी स्वामी मंदिर में अपनी साधना में लीन थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल साधु को सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए कई संदेहियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल किसी आरोपी को नामजद किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
साधु के बयान दर्ज हुए हैं या नहीं और उन्होंने किसी संदिग्ध के बारे में कोई जानकारी दी है या नहीं, इस संबंध में भी पुलिस की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
स्थानीय स्तर पर मंदिर में वर्चस्व, उसे आश्रय स्थल के रूप में इस्तेमाल करने और नशेड़ियों की कथित गतिविधियों को लेकर विवाद की चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, चाकूबाजी की इस घटना का इन विवादों से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, हमले में शामिल लोगों की पहचान और वारदात के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

