जबलपुरः वकील पर कातिलाना हमला, पत्नी के केस को लेकर विवाद बना वजह
जबलपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में बुधवार को एक वकील पर दूसरे वकील द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना ओमती थाना क्षेत्र की है, जहां एक अधिवक्ता को चाकू से गर्दन पर गंभीर चोट पहुंची। घायल वकील को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमले में घायल अधिवक्ता की पहचान रामनाथ रजक के रूप में हुई है। उन पर हमला करने का आरोप राकेश महोबिया पर है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि विवाद की जड़ आरोपी की पत्नी का केस है। घटना के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर कहा इसके बाद उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर रामनाथ रजक पर चाकू से 10 से 12 बार हमला किया।
घायल वकील के बयान के मुताबिक क्लाइंट कंचन महोबिया और उनके पति राकेश महोबिया उनके पास आए 7थे और केस वापस लेने को लेकर विवाद करने लगे। धमकी देने के बाद वे वहां से चले गए। बाद में जब रामनाथ रजक जिला अदालत से लौट रहे थे, तभी गेट नंबर 4 के पास आरोपी ने उन्हें रोक लिया, गाड़ी से खींचा और हमला कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। ओमती थाना पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

