जबलपुर : युवती को लेकर विवाद में युवक पर चाकू से हमला, एक अन्य भी घायल
जबलपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के रानीताल क्षेत्र में गुरुवार रात एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना कर्णावत पान दुकान के पास की बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान तुषार परिया (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तुषार शहर के प्रसिद्ध अभिनंदन रेस्टोरेंट के संचालक का पुत्र है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद एक युवती को लेकर हुआ। बताया जा रहा है कि युवती के एक दोस्त ने तुषार को मिलने के लिए बुलाया था। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इसी दौरान एक युवक ने तुषार पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना के दौरान हुई धक्का-मुक्की में एक अन्य युवक के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मदनमहल थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली है। प्रारंभिक जांच में विवाद के बाद चाकूबाजी की बात सामने आई है। इस मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

