जबलपुर : अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक गिरफ्तार
जबलपुर, 28 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के चरगवां थाना पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चोरी की रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे के अनुसार, रविवार को मुरकटिया घाट से अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने ग्राम अहमदपुर स्थित हनुमान मंदिर के सामने घेराबंदी की। इस दौरान गोटेगांव की ओर से चरगवां आ रहे आईसर ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 49 ए 6716 को रोककर जांच की गई। ट्रॉली में रेत भरी मिली।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम धीरेन्द्र पिपरोलिया (25 वर्ष) निवासी ग्राम नोनी करेली, थाना गोटेगांव, जिला नरसिंहपुर बताया। उसने स्वीकार किया कि वह नोनी करेली से चोरी की रेत लाकर चरगवां में बेचने के लिए ले जा रहा था।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित चोरी की रेत जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5) बीएनएस तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 4/21 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

