home page

जबलपुरः रिकवरी एजेंसी के नाम पर गुंडागर्दी, दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला

 | 
जबलपुरः रिकवरी एजेंसी के नाम पर गुंडागर्दी, दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला


जबलपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में विजयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंधी कैंप इलाके में रहने वाले दो सगे भाई साकेत चक्रवर्ती और विकास चक्रवर्ती पर कथित तौर पर रिकवरी एजेंसी से जुड़े बदमाशों ने हमला कर दिया।

घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग अचानक मौके पर पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बेरहमी से मारपीट की, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए घायलों को तत्काल नजदीकी शीतल छाया अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित परिवार की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला किसी वित्तीय विवाद या रिकवरी एजेंसी से जुड़े लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक