home page

जबलपुर : फैक्टरी कर्मचारी पर चाकू से हमला, बीच-बचाव करने वाली महिला से भी मारपीट

 | 
जबलपुर : फैक्टरी कर्मचारी पर चाकू से हमला, बीच-बचाव करने वाली महिला से भी मारपीट


जबलपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में रांझी थानांतर्गत रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने व्हीकल फैक्टरी कर्मचारी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। कर्मचारी को बचाने पहुंची महिला के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की।

घटना रांझी थाना क्षेत्र के मनमोहन नगर में खेरमाई मंदिर के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब तीन बजे की है। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर प्रकरण दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मनमोहन नगर निवासी 24 वर्षीय आशीष रजक डीएसबी आर्मी व्हीकल फैक्टरी में कुक के रूप में कार्यरत है। देर रात वह मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहा था। उसके साथ सरिता केवट भी थी। दोनों मनमोहन नगर स्थित खेरमाई मंदिर के पास पहुंचे, तभी अमन केवट, करन बेन, अंकित बेन और उनके एक अन्य साथी ने रास्ता रोक लिया।

आरोपितों ने आशीष से रुपये की मांग की। रुपये देने से मना करने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और धारदार हथियार से कई वार किए। हमले में आशीष के पैर में चोट आई और वह सड़क पर गिर गया।

आशीष पर हमला होते देखकर सरिता केवट ने बीच-बचाव का प्रयास किया। इस पर आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों को आता देखकर आरोपित धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

इसके बाद घायल आशीष और सरिता किसी तरह रांझी थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों का चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार कराया। शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक