मंदिरों की दानपेटी तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
सोलन, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जिला सोलन के अंतर्गत कंडाघाट क्षेत्र में मंदिरों के दानपात्र तोड़कर नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कंडाघाट के तहत क्षेत्र श्रीनगर स्थित शिव मंदिर और राजेश्वरी माता मंदिर से कुल करीब 21 हजार रुपये चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने इसकी शिकायत मिलने कर पश्चात जांच सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे सोलन से गिरफ्तार किया। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ बिलासपुर और नालागढ़ के विभिन्न पुलिस थानों में चोरी के छह अन्य मामले भी दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार कंडाघाट निवासी चैन सिंह ने 17 अक्तूबर को पुलिस थाना कंडाघाट में शिकायत दर्ज करवाई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने श्रीनगर क्षेत्र स्थित शिव मंदिर के दानपात्र को तोड़कर उसमें रखी करीब 18 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। इसके अलावा राजेश्वरी माता मंदिर, कंडाघाट से भी करीब तीन हजार रुपये की नकदी चोरी की गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक साईं दत्तात्रेय ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस थाना कंडाघाट की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदिरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर कथित वारदात में संलिप्त व्यक्ति की पहचान की गई और उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने 19 अक्तूबर को आरोपी सुनील कुमार (28), पुत्र नंत राम, निवासी गांव चनालग, डाकघर बांदला, तहसील सदर, जिला बिलासपुर को सोलन से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी से चोरी की वारदात के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। अब तक चोरी की गई नकदी में से कुछ राशि बरामद कर ली गई है, जबकि शेष रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। आरोपी को 19 अक्तूबर को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध जिला बिलासपुर और नालागढ़ के विभिन्न पुलिस थानों में चोरी के छह मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि सहित मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

