कसौली में पिस्तौल दिखाकर महिला को धमकाने वाला पंजाब निवासी गिरफ्तार
सोलन, 12 नवंबर (हि.स.)। जिला सोलन की पर्यटन नगरी कसौली में एक महिला और उसके बेटे को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पंजाब के गुरदासपुर का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से बिना लाइसेंस की पिस्तौल बरामद की है। इसके अलावा आरोपी की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार कसौली पुलिस थाना के अंतर्गत बंगोआ गांव की एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 10 नवंबर को आरोपी नरेंद्र कुमार (37), निवासी नबीपुर कॉलोनी, गुरदासपुर (पंजाब), उसके घर में घुस आया और उसके बेटे के सामने पिस्तौल तानकर जान से मारने तथा खुद आत्महत्या करने की धमकी दी।
शिकायत के मुताबिक आरोपी उसी दिन शाम करीब 5 बजे दोबारा महिला के पास पहुंचा और उसका पीछा करते हुए पुलिस चौकी कुठाड़ तक जा पहुंचा। वहां भी उसने पिस्तौल निकालकर खुद को गोली मारने की धमकी दी।
पुलिस अधीक्षक साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि पुलिस चौकी कुठाड़ के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को काबू कर लिया और उसके कब्जे से पिस्तौल बरामद की। जांच में सामने आया कि आरोपी के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं है।
इस मामले में पुलिस थाना कसौली में एफआईआर संख्या 86/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333 व 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने 11 नवंबर को आरोपी की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
एसपी ने बताया कि आरोपी को वीरवार को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

