शिमला : पुलिस की नाकाबंदी में पकड़ा गया तस्कर, 26 ग्राम चिट्टा बरामद
शिमला, 21 मई (हि.स.)। शिमला पुलिस के नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सबसे बड़े उपनगर संजौली में एक व्यक्ति को चिट्टा यानी हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से करीब 26 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। मामले में आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने वीरवार को ये जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 18 मई को स्पैशल सैल शिमला और शिमला पुलिस की टीम लक्कड़ बाजार, संजौली, ढली और आसपास के क्षेत्रों में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि संजौली का रहने वाला रवि कुमार उर्फ बंटी इलाके में चिट्टा बेचने का काम करता है और वह संजौली चौक के पास मादक पदार्थ की सप्लाई देने आने वाला है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संजौली चौक के पास नाकाबंदी की। जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बुलेट मोटरसाइकिल को रोका। पूछताछ में चालक की पहचान 35 वर्षीय रवि कुमार उर्फ बंटी निवासी संजौली के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 26 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना संजौली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और मामले की आगे जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

