home page

अमरनाथ यात्रा रजिस्ट्रेशन के दौरान युवक ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप

 | 
अमरनाथ यात्रा रजिस्ट्रेशन के दौरान युवक ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप


जबलपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में अमरनाथ यात्रा रजिस्ट्रेशन के दौरान एक युवक ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। युवक ने शरीर पर चोट के निशान दिखाते हुए दावा किया कि उसे डंडे और बेल्ट से पीटा गया। मामले में पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

जानकारी के अनुसार, कांचघर निवासी गौरव महरोलिया (33) शुक्रवार को गोरखपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में अमरनाथ यात्रा के रजिस्ट्रेशन के लिए लाइन में लगे थे। बैंक खुलने के बाद भीड़ बढ़ने पर वहां धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसी दौरान गौरव ने आपत्ति जताई।

गौरव का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद रामपुर पुलिस चौकी के कॉन्स्टेबल योगेंद्र कुमार और तरुण मिश्रा ने उन्हें पीछे धकेल दिया। विरोध करने पर तरुण मिश्रा ने उनका गला पकड़कर थप्पड़ मारे। इसके बाद दोनों पुलिसकर्मी उन्हें चौकी ले गए, जहां करीब आधे घंटे तक बेल्ट और डंडों से मारपीट की गई।

पीड़ित के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे उन्हें यह कहकर छोड़ा गया कि यदि शिकायत की तो परिणाम ठीक नहीं होगा। इसके बाद वह शाम करीब साढ़े 4 बजे गोरखपुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया। उनका आरोप है कि थाने में भी आवेदन लेने में आनाकानी की गई तथा शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया। साथ ही झूठा मामला दर्ज करने की धमकी भी दी गई।

वहीं, गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि गौरव बैंक परिसर में उपद्रव कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं मानने पर हल्का बल प्रयोग किया गया।

फिलहाल, पुलिस अधीक्षक ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक