जबलपुर : आरक्षक पर वकील से मारपीट का आरोप, CCTV में कैद घटना; देर रात तक थाने में हंगामा
जबलपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक मामूली बच्चों के विवाद ने तूल पकड़ते हुए मारपीट का रूप ले लिया। इस घटना में एक पुलिस आरक्षक पर अधिवक्ता के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। मध्य रात्रि के बाद तक कई वकील थाने में मौजूद रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समीक्षा टाउन निवासी अधिवक्ता पंकज शर्मा ने बताया कि शनिवार रात वह अपने घर पर विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के बच्चे उनके घर के बाहर खेलते हुए गेट को जोर-जोर से दीवार पर मार रहे थे, जिससे तेज आवाज हो रही थी। इस पर उनकी पत्नी ने बच्चों को ऐसा करने से रोका, जिस पर एक बच्ची ने अभद्र व्यवहार किया।
आवाज सुनकर अधिवक्ता पंकज शर्मा बाहर आए और बच्चों को समझाने लगे। आरोप है कि इसी दौरान कॉलोनी में रहने वाला आरक्षक साकेत तिवारी, जो मदन महल थाने में पदस्थ है, मौके पर पहुंचा और गाली-गलौच करते हुए विवाद करने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच झूमाझपटी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
घटना के बाद अधिवक्ता शिकायत दर्ज कराने सिविल लाइन थाने पहुंचे, जहां उनके अनुसार पुलिस ने उन्हें और उनके साथियों को करीब तीन घंटे तक थाने में बैठाए रखा। अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि पुलिस द्वारा जानबूझकर शिकायत दर्ज करने में टालमटोल की गई और समझौते के लिए दबाव भी बनाया गया।
घटना के विरोध में कई अधिवक्ता देर रात तक थाने में मौजूद रहे और कार्रवाई की मांग करते रहे। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं अधिवक्ताओं का आरोप है की पुलिस इस समय निरंकुश हो गई है। आम नागरिकों के साथ अवध व्यवहार करना यह आम बात है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

