home page

टेलीकॉम कंपनी के लाखों रुपये के पोल चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
टेलीकॉम कंपनी के लाखों रुपये के पोल चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार


शिमला, 15 मई (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में एक निजी टेलीकॉम कंपनी के करीब 70 लोहे के पोल चोरी होने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे जांच जारी है और चोरी किए गए पोलों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र के रहने वाले वाहन मालिक विक्की (35) और मंडी जिले के करसोग क्षेत्र के रहने वाले सुरेश (30) कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और शुरुआती जांच में उन्होंने पोल चोरी करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक यह मामला थाना रामपुर में 12 मई को दर्ज किया गया था। ऐरियल टेलीकॉम सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के स्टेट मैनेजर बाबू सिंह देशवाल ने शिकायत दी थी कि चौका नाला तकलेच से रोहड़ू मार्ग पर कंपनी के करीब 70 एच-पोल, जिन पर अभी तार नहीं लगाए गए थे, चोरी हो गए हैं। इनकी कीमत करीब 9 लाख रुपये थी। इसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें 5 और 6 मई की रात एक बोलेरो कैम्पर वाहन घटना स्थल के आसपास बार-बार आता-जाता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन की पहचान की गई, जिसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किए गए पोल कहां ले जाए गए और इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा