आदतन तस्कर को तीन महीने के लिए भेज़ा जेल
शिमला, 10 जून (हि.स.)। शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आदतन नशा तस्कर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कृष्णानगर निवासी करण घई को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत निरुद्ध करते हुए तीन महीने के लिए जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि यह कदम नशे के कारोबार में बार-बार शामिल होने वाले आरोपियों को समाज से अलग रखने और मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस थाना सदर शिमला द्वारा की गई है। हिमाचल प्रदेश सरकार, पुलिस मुख्यालय शिमला और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला के निर्देशों के तहत करण घई को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट की धारा 3(1) के अंतर्गत निरुद्ध किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और चिकित्सीय परीक्षण पूरा करने के बाद उसे तीन माह की अवधि के लिए आदर्श केंद्रीय कारागार कण्डा में दाखिल किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार करण घई के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध पुलिस थाना सदर शिमला में एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें 10 मार्च 2025 और दिनांक 5 दिसंबर 2025 को दर्ज मामले शामिल हैं। दोनों मामलों में उस पर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत कार्रवाई की गई थी।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और ऐसे आदतन अपराधियों के विरुद्ध उपलब्ध सभी कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

