प्रदेश में एक दिन में 11 आदतन चिट्टा तस्करों पर कार्रवाई
शिमला, 10 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में चिट्टा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार को राज्यभर में एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आदतन नशा तस्करों को पीआईटी एनडीपीएस कानून के तहत निरुद्ध किया है। हिमाचल पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई चिट्टा-मुक्त हिमाचल अभियान के तहत की गई, जिसका उद्देश्य नशा तस्करी के संगठित नेटवर्क पर सीधा प्रहार करना है।
पुलिस के मुताबिक यह अभियान मुख्यमंत्री द्वारा 15 नवंबर 2025 को शुरू किए गए एंटी-चिट्टा जन आंदोलन का हिस्सा है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ समन्वित कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार निरुद्ध किए गए 11 तस्करों में बद्दी से एक, नूरपुर से तीन, कुल्लू से एक, शिमला से दो, सोलन से एक, कांगड़ा से एक, हमीरपुर से एक और लबिलासपुर से एक व्यक्ति शामिल है।
हिमाचल पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद प्रदेश में पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत निरुद्ध किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या बढ़कर 187 हो गई है।
पुलिस के अनुसार यह आंकड़ा राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ अपनाई गई आक्रामक रणनीति, मजबूत खुफिया तंत्र और 'जीरो टॉलरेंस' नीति को दर्शाता है। पुलिस का दावा है कि अब कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को खत्म करने पर जोर दिया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान, वित्तीय जांच, संपत्तियों को फ्रीज करने और PIT-NDPS जैसे निवारक कानूनों के इस्तेमाल के जरिए संगठित गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
हिमाचल पुलिस ने कहा है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि चिट्टा या अन्य मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री, भंडारण या सेवन से जुड़ी किसी भी जानकारी को 112 या नजदीकी पुलिस थाने के साथ साझा करें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

