home page

महिला पुलिस थाना की छत से कूदी, घायल

 | 
महिला पुलिस थाना की छत से कूदी, घायल


कुल्लू, 22 मार्च (हि.स.)। कुल्लू मुख्यालय स्थित सदर थाना में माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब एक महिला थाना की छत पर चढ़ गई ओर देखते ही देखते छत से कूद गई। घटना रविवार की है जब शहर के साथ लगते खराहल घाटी के गांव चौकी डोभी से पुलिस थाना में एक फोन काल आई और बताया कि यहां पति पत्नी आपस में झगड़ा कर रहे हैं और कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल राम चंद्र अपने अन्य सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ चौकी डोभी गांव पहुंच गए जहां से पुलिस ने झगड़ा कर रहे व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। उस व्यक्ति ने शराब का अत्यधिक सेवन कर रखा था। अभी पुलिस उस व्यक्ति को लेकर थाना में पहुंची ही थी कि उसी समय उस व्यक्ति की पत्नी भी शराब के नशे में थाना पहुंच गई और पुलिस पर पति को छोड़ने का दबाव बनाने लगी।

पुलिस ने कानूनी औपचारिकता पूरी करने के बाद रिहा करने की बात कही लेकिन महिला थाना की छत पर चढ़ गई और पुलिस को धमकी देते हुए अपने पति को तुरंत रिहा करने की मांग करने लगी। इससे पहले कि पुलिस हरकत में आती महिला छत से कूद गई। महिला भाग्यशाली रही कि वह ऊपरी मंजिल पर ही गिर गई। अगर वह अधिक जंप करती तो यह घटना बड़ा रूप ले सकती थी और महिला की जान भी जा सकती थी।

महिला को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां डाक्टर द्वारा घायल महिला को प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाया गया। पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि घायल महिला की पहचान ऋतु (26) पत्नी विकास (31) निवासी चौकी डोभी, खराहल जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा घायल महिला, पति सहित अन्य के बयान दर्ज कर रही है। पुलिस को आरोपी विकास के नाना द्वारा शिकायत की गई थी कि विकास झगड़ा कर रहा है तथा जान से मारने की धमकियां दे रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को सामने रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह