ओडिशा में 1.23 करोड़ के गबन का आरोपित वरिष्ठ सहायक गिरफ्तार, अक्टूबर से था फरार
भुवनेश्वर, 21 नवंबर (हि.स.)। ओडिशा सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने 1.23 करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी राशि के गबन के मामले में सातकोसिया वन्यजीव मंडल के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) कार्यालय में कार्यरत वरिष्ठ सहायक अजय कुमार नायक को गिरफ्तार किया है। वह स्थापना अनुभाग में पदस्थ था और अक्टूबर से फरार चल रहा था। विजिलेंस की टीम ने मंगलवार रात अनुगोल शहर में उस समय आरोपित को गिरफ्तार किया, जब वह कार से अपने घर जा रहा था।
विजिलेंस विभाग के अनुसार जांच में सामने आया है कि अजय कुमार नायक ने एक जनवरी 2019 से 30 जून 2025 के बीच कुल 1,23,52,547 रुपये की सरकारी राशि का गबन किया। वह स्थापना अनुभाग में कर्मचारियों के वेतन, अप्रयुक्त अवकाश के बदले मिलने वाली राशि और बकाया भुगतान से संबंधित कार्यों का जिम्मा संभाल रहा था।
जांच के अनुसार, आरोपित ने एचआरएमएस पोर्टल पर सेवानिवृत्त और मृत कर्मचारियों के नाम पर अप्रयुक्त अवकाश वेतन तथा बकाया राशि के फर्जी दावे तैयार कर ऑनलाइन भुगतान प्रक्रिया में हेरफेर की। इन राशियों को वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचाने के बजाय उसने अपने बैंक खाते और दो अन्य सहयोगियों के बैंक खातों में स्थानांतरित करा दिया। इसके लिए कोषागार के माध्यम से एनईएफटी का इस्तेमाल किया गया।
इस मामले में कटक विजिलेंस थाना में केस संख्या 44/2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। विजिलेंस मामले की आगे की जांच कर रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

