home page

पांवटा साहिब में बस ड्राइवर पर हमला, डंडे से फोड़ा सिर, कंडक्टर से की लूटपाट, 3 पर केस दर्ज

 | 

नाहन, 21 अक्टूबर (हि.स.)।

सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के अंतर्गत आने वाले हरिपुर टोहाना क्षेत्र में बस चालक के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। पुलिस थाना पुरुवाला में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।

बुधवार सुबह अवनि बस (संख्या HP 71-2608) के चालक धनवीर सिंह उर्फ बब्बू पांवटा साहिब बस स्टैंड से टारू भैला की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 8:20 बजे जब बस हरिपुर टोहाना पहुंची, तो मोड़ के पास चालक ने सतर्कता दिखाते हुए बस का हॉर्न बजाया। इसी दौरान सड़क किनारे स्थित एक घर से बाहर आए एक बुजुर्ग व्यक्ति ने बस को रुकवाया और चालक को जबरन नीचे खींच लिया।

शिकायत के अनुसार, इसके तुरंत बाद वहां दो अन्य व्यक्ति भी पहुंच गए। आरोप है कि उनमें से एक ने डंडे से चालक के सिर पर वार किया, जबकि अन्य ने कंडक्टर कपिल को धक्का देकर उसके हाथ से कैश वाला बैग छीन लिया। साथ ही, आरोपियों द्वारा चालक के साथ लात-मुक्कों से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।

पीड़ित चालक द्वारा दी गई शिकायत में आरोपियों की पहचान अख्तर अली, दिलशाद और संजय खान के रूप में बताई गई है। पुलिस ने पीड़ित चालक का मेडिकल परीक्षण करवाकर आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है और अन्वेषण के दौरान सामने आने वाले तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर