रहस्यमय ढंग से लापता अधेड़ का कपड़ा व चप्पल बगीचे में मिला
बक्सर, 30 अगस्त (हि.स.)। शहर के हरनाही रोड स्थित कटरा अवतार बंगाली गली के पास बगीचे से एक 57 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति की रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है.
लापता व्यक्ति की पहचान रहथुआ निवासी ओकील पासी पिता स्व. हरि लाल पासी के रूप में हुई है । घटना रक्षाबंधन की रात की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है । पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है । परिजनों के अनुसार, ओकील पासी पिछले तीन वर्षों से अपनी बड़ी बेटी राबड़ी देवी के साथ डुमरांव में रह रहे थे ।
लापता वृद्ध की बेटी राबड़ी देवी, पति छठू पासी डुमरांव के हरनाही रोड स्थित एक व्यक्ति का कटरा और बगीचा किराए पर लेकर वहीं फल-फूल बेचकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। इसी बगीचे की देखरेख की जिम्मेदारी उसके पिता ओकील पासी के पास थी । वे रात में कटरा में ही सोते थे और दिन में आम, अमरूद समेत अन्य फलों को तोड़कर बेचते थे । साथ ही वे अपनी बेटी के बच्चों की देखभाल भी करते थे । बताया जाता है कि रक्षाबंधन की रात ओकील पासी रोज की तरह पहले फल बेचकर अपनी बेटी के घर पहुंचे थे । वहां से वो खाना और कटरा की चाबी लेकर करीब एक किलोमीटर दूर स्थित बगीचे में सोने के लिए चले गए। परिजनों के अनुसार, यह उनकी रोजमर्रा की दिनचर्या थी और इसमें किसी तरह का बदलाव नहीं था ।
कुर्ता, पैंट और चप्पल वहीं पड़े हुए थे
घटना का खुलासा तब हुआ जब अगली सुबह उनकी बेटी राबड़ी देवी बगीचे में पहुंची । वहां पहुंचने पर उसने देखा कि कटरा में ओकील पासी मौजूद नहीं हैं । हैरानी की बात यह रही कि उनका कुर्ता, पैंट और चप्पल वहीं पड़े हुए थे, जबकि वे सिर्फ बनियान पहने हुए गायब थे । इस स्थिति ने घटना को और अधिक रहस्यमय बना दिया है । परिजन आशंका जता रहे हैं कि अधेड़ के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव थाना की पुलिस मौके पर पहुंची । थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर छानबीन शुरू की। पुलिस ने कई किलोमीटर के दायरे में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है ।
अब तक की जांच में यह सामने आया है कि ओकील पासी का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी । ऐसे में यह मामला और उलझता जा रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, जिसमें दुर्घटना, आपराधिक घटना या स्वयं कहीं चले जाने की संभावना भी शामिल है । हालांकि, कपड़े और चप्पल का मौके पर मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। लापता वृद्ध के परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं । बड़ी बेटी राबड़ी देवी डुमरांव में रहती हैं, जबकि दूसरी बेटी शोभांति देवी की शादी पिरो के पानमारी गांव में हुई है । दोनों बेटे गुड्डू और मुकेश भी मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सभी परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए और वृद्ध की तलाश में जुटे हैं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटी राबड़ी देवी ने बताया कि उनके पिता का स्वभाव शांत था और वे परिवार के साथ ही रहते थे । उनका किसी से कोई झगड़ा नहीं था । ऐसे में उनके अचानक लापता हो जाने से पूरा परिवार सदमे में है । घटना के बाद घर में चीख पुकार मची हुई है । पुलिस ने इस मामले में 24 घंटे पहले ही लापता का सनहा दर्ज कर लिया था और आगे की कार्रवाई जारी है । थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है । फिलहाल यह घटना पुलिस के लिए एक चुनौती बनी हुई है और हर छोटी-बड़ी जानकारी को जोड़कर रहस्य सुलझाने की कोशिश की जा रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही उन्हें ढूंढ लिया जाएगा और पूरे मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

