home page

भतीजे ने ही तान दी थी चाचा के सिर पिस्तौल, 14 दिन बाद देहरादून से पकड़ा भतीजा

 | 

मंडी, 23 जुलाई (हि.स.)। मंडी शहर की पैलेस कालोनी में दस दिन पहले सुबह पांच बजे हुई पिस्तौल तानने की वारदात का आरोपी पुलिस ने देहरादून से धर दबोचा है। रोचक यह है कि यह आरोपी कोई और नहीं विनय कुमार शर्मा जिन पर सुबह पांच बजे के लगभग यह पिस्तौल तानी गई थी का सगा भतीजा निकला।

पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शहर की पैलेस कालोनी में गत नौ जुलाई की सुबह अपने ही चाचा पर पिस्तौल तानने वाले आरोपी भतीजे को पुलिस ने उत्तराखंड के देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन को ट्रैक करते हुए आरोपी को धर दबोचा। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल असली थी या नकली।

पैलेस कालोनी मंडी के विनय कुमार शर्मा निवासी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि नौ जुलाई की सुबह लगभग पांच बजे एक व्यक्ति उनके घर के मुख्य दरवाजे को क्रिकेट बैट से जोर-जोर से पीटने लगा। आवाज सुनकर जब उन्होंने दरवाजा खोला, तो सामने खड़े व्यक्ति ने अपना चेहरा रुमाल से ढका हुआ था और तुरंत उन पर पिस्तौल तान दी।

विनय कुमार के जोर से चिल्लाने और पहचान पूछने पर आरोपित घबराकर पहली मंजिल से नीचे कूद गया और मौके से फरार हो गया था। शहरी पुलिस चौकी ने शिकायत के आधार पर संबंधित आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने जांच के बाद और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पाया कि यह काम शिकायतकर्ता के सगे भतीजे का है। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की और उसे देहरादून से दबोच लिया गया।

आरोपी भतीजे पर पहले भी कई मामले बताए जा रहे हैं। कुछ समय पहले एकादश रुद्र मंदिर के पुजारी सतसुंदरम को पीटने का आरोप भी उसी पर है। पुलिस उससे कड़ी पूछताछ करके अन्य मामलों को लेकर भी जानकारी हासिल कर रही है। मंडी में इस तरह की वारदात सामने आने पर सनसनी फैल गई थी। पुलिस के पास इस मामले में कोई बड़ा सुराग भी नहीं था। ऐसे में आरोपी का पता लगाने में काफी दिक्कत आई। मगर जैसा कि कहा जाता है कि कानून के हाथ बड़े लंबे होते हैं, आरोपी को दबोच ही लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा