home page

वाहन से बरामद हुआ चिट्टा, हरियाणा और पंजाब के दो तस्कर काबू

 | 
वाहन से बरामद हुआ चिट्टा, हरियाणा और पंजाब के दो तस्कर काबू


शिमला, 05 जून (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने दो लोगों को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी एक वाहन में सवार थे और उनके कब्जे से 10 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि 3 जून को पुलिस थाना ठियोग की टीम फागू क्षेत्र में गश्त और अपराध निवारण ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने एक वाहन को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन में सवार दो व्यक्तियों के पास से 10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

मामले में हरियाणा के अंबाला निवासी 45 वर्षीय भोला बख्शी और पंजाब के मोहाली जिले के डप्पर क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय अमन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा