home page

चिट्टे के साथ पकड़े गए दो तस्कर, कोर्ट में पेशी के दौरान भागा एक आरोपी दबोचा

 | 
चिट्टे के साथ पकड़े गए दो तस्कर, कोर्ट में पेशी के दौरान भागा एक आरोपी दबोचा


शिमला, 30 मई (हि.स.)। जिला शिमला पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने एनएच-5 पर जांच के दौरान एक टैक्सी में सवार दो युवकों के कब्जे से करीब 13 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, इनमें से एक आरोपी ने अदालत में पेशी के दौरान पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे दोबारा पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार 28 मई को पुलिस चौकी ख्वारा की टीम एनएच-5 पर गश्त, यातायात जांच और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान जांच के लिए एक टैक्सी को रोका गया। तलाशी लेने पर टैक्सी में सवार दो युवकों के पास से करीब 13 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान साहिल कैथ (24) निवासी गांव कराली, डाकघर डांसा, तहसील रामपुर और आर्यन धांटा (22) निवासी गांव कलगांव, डाकघर पुजारली-02, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि तलाशी और बरामदगी की पूरी कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार की गई। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक जून 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले की जांच अभी जारी है।

इसी मामले में 29 मई को उस समय नया मोड़ आ गया जब आरोपी साहिल कैथ को अदालत में पेश करने के लिए लाया गया था। पुलिस के अनुसार उसने पेट दर्द की शिकायत की और अदालत परिसर स्थित शौचालय जाने की अनुमति मांगी। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर हिरासत से भाग निकला।

हालांकि घटना की जानकारी मिलते ही जिला शिमला पुलिस ने विशेष तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही समय में ढूंढ निकाला और दोबारा पुलिस हिरासत में ले लिया। आरोपी के फरार होने के मामले में पुलिस थाना वेस्ट शिमला में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 262 के तहत एक अलग मामला दर्ज किया गया है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि चिट्टा बरामदगी और आरोपी के फरार होने की कोशिश से जुड़े दोनों मामलों में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा