home page

शिमला में 64 ग्राम चिट्टे के साथ दो गिरफ्तार, युवाओं को सप्लाई की थी तैयारी

 | 
शिमला में 64 ग्राम चिट्टे के साथ दो गिरफ्तार, युवाओं को सप्लाई की थी तैयारी


शिमला, 11 मई (हि.स.)। शिमला जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला शिमला पुलिस ने 64 ग्राम चिट्टे के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 35 वर्षीय कर्ण निवासी कलस्टन, शिमला और 30 वर्षीय कर्ण वर्मा निवासी ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें अदालत में पेश किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी इस नशे की खेप को स्थानीय युवाओं तक पहुंचाने की फिराक में थे।

पुलिस थाना बालूगंज शिमला में इस मामले को लेकर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल शिमला की टीम रविवार की शाम तारादेवी क्षेत्र में गश्त, यातायात जांच और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक कार में दो लोग भारी मात्रा में चिट्टा लेकर शोघी की तरफ से शिमला की ओर आ रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तारादेवी-टुटू बाईफरकेशन के पास नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 64 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने वाहन से नकद राशि भी बरामद होने की बात कही है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा