शिमला में ड्रग्स के साथ चंडीगढ़ के तीन युवक गिरफ्तार, चिट्टा और क्रिस्टल मेथ बरामद
शिमला, 07 जून (हि.स.)। हिमाचल की ठंडी वादियों में घूमने आए तीन युवकों की यात्रा उस समय थाने पहुंच गई, जब पुलिस ने उनकी कार की तलाशी के दौरान कथित तौर पर चिट्टा और क्रिस्टल मेथ बरामद कर लिया। शिमला जिले के कोटखाई क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 4 जून को कोटखाई थाना की टीम हुल्ली क्षेत्र में गश्त और अपराध निरोधक ड्यूटी पर थी। इसी दौरान पुलिस ने एक कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार में सवार तीन लोगों के कब्जे से 6.50 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 6 ग्राम क्रिस्टल मेथ बरामद किया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय साहिल ढल, 27 वर्षीय गौरव ठाकुर और 31 वर्षीय वीकरण शर्मा के रूप में हुई है। तीनों आरोपी चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। पुलिस ने इस संबंध में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने रविवार को बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। एसएसपी के मुताबिक जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

