ठियोग में दुकान से अफीम बरामद, दुकानदार गिरफ्तार
शिमला, 11 जून (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में पुलिस ने एक दुकान पर छापेमारी कर 70 ग्राम अफीम बरामद की है। बरामदगी के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोहन लाल उर्फ हैप्पी निवासी राहीघाट, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है।
मामले के अनुसार ठियोग पुलिस को सूचना मिली थी कि राहीघाट क्षेत्र में स्थित एक दुकान से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बुधवार की शाम कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दुकान से करीब 70 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया। बरामदगी के आधार पर पुलिस थाना ठियोग में केस दर्ज किया गया है। मामला एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने वीरवार को बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। साथ ही यह पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसके नेटवर्क से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं। जिला शिमला पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

