home page

शिमला : एक और आदतन नशा तस्कर को भेज़ा जेल

 | 

शिमला, 09 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने एक और आदतन नशा तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जिला पुलिस शिमला के अनुसार रोहड़ू थाना पुलिस ने पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर तीन महीने के लिए जिला जेल शिमला भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा जारी डिटेंशन ऑर्डर के तहत की गई है। सोमवार को रोहड़ू थाना पुलिस ने अंकेश ठाकुर (39) नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी को विधिवत डिटेंशन ऑर्डर की अनुपालना में हिरासत में लिया गया और उसके बाद उसे तीन महीने के लिए जिला जेल शिमला भेज दिया गया। यह कार्रवाई पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है। इसके तहत आदतन नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती है।

पुलिस का कहना है कि अंकेश ठाकुर पहले भी नशा तस्करी के मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ रोहड़ू पुलिस थाने में वर्ष 2023 में भी मामला दर्ज किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक 21 जुलाई 2023 को दर्ज एफआईआर में उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 एनडीपीएस तहत मामला दर्ज किया गया था। उस मामले में पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 43.64 ग्राम हेरोइन, जिसे आम तौर पर ‘चिट्टा’ कहा जाता है, बरामद की थी।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले 41 दिनों में ही शिमला जिले में 29 आदतन और संगठित नशा तस्करों को डिटेंशन ऑर्डर के आधार पर हिरासत में लेकर तीन महीने के लिए जेल भेजा जा चुका है।

उनका कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत काम किया जा रहा है। इसके तहत नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा