home page

शिमला : सेब के बगीचे में अफीम की खेती का पर्दाफाश, एफआईआर

 | 
शिमला : सेब के बगीचे में अफीम की खेती का पर्दाफाश, एफआईआर


शिमला, 06 जून (हि.स.)। शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती का एक और मामला पकड़ा है। इस संबंध में थाना चौपाल में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि चौपाल क्षेत्र के गांव क्यारी (थापल) निवासी लच्छम सिंह अपने सेब के बगीचे में अवैध रूप से अफीम के पौधे उगा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पटवारी और स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर संबंधित बगीचे का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान पुलिस को सेब और लहसुन की फसल के बीच अफीम के कुल 163 पौधे लगे हुए मिले। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत 15 पौधों को नमूने के रूप में उखाड़कर सीलबंद किया। साथ ही नियंत्रण मिट्टी (कंट्रोल सॉयल) का नमूना भी लिया गया। शेष 148 पौधों को एसडीपीओ चौपाल से पूर्व अनुमति प्राप्त करने के बाद गवाहों की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि अफीम की खेती कब से की जा रही थी और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

गौरतलब है कि इससे पहले शिमला जिले के ठियोग उपमंडल के जैश क्षेत्र में भी पुलिस ने सेब के बगीचे में अफीम की अवैध खेती का पर्दाफाश किया था। उस मामले में पुलिस ने 1,155 अफीम के पौधे बरामद किए थे और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सेब उत्पादक क्षेत्रों में अवैध अफीम खेती को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस का कहना है कि नशे और नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा