शिमला में चिट्टा और नकदी संग मंडी का युवक गिरफ्तार
शिमला, 11 जून (हि.स.)। राजधानी शिमला में पुलिस ने एक कार से 7 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 23 हजार रुपये नकद बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 33 वर्षीय राहुल ठाकुर निवासी गांव बिंगा, तहसील धर्मपुर, जिला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 10 जून को स्पेशल सेल शिमला को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर लालपानी बाईपास से न्यू स्लॉटर हाउस जाने वाले संपर्क मार्ग पर वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक कार को जांच के लिए रोका गया। वाहन चालक से पूछताछ के बाद पुलिस ने नियमानुसार उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से करीब 7 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा वाहन से 23 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

