home page

चिट्टे के साथ पकड़े हरियाणा के चार युवक भेजे जेल, एक का फिर पुलिस रिमांड

 | 
चिट्टे के साथ पकड़े हरियाणा के चार युवक भेजे जेल, एक का फिर पुलिस रिमांड


शिमला, 27 मार्च (हि.स.)। राजधानी शिमला में चिट्टे के साथ पकड़े गए हरियाणा के पांच आरोपियों में से चार को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि एक आरोपी का दोबारा पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस अब मामले के नेटवर्क और चिट्टे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत अदालत में पेश किया गया था। अदालत से पहले सभी का पांच दिन का पुलिस रिमांड लिया गया था। इसके बाद चार आरोपियों इरफान, मुकेश, नरेन्द्र और रविकांत को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अंजित का दोबारा पुलिस रिमांड लिया गया है, जिससे मामले की आगे की जांच की जा सके।

पुलिस के अनुसार इन पांचों आरोपियों को बीते 19 मार्च को शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए तारादेवी–टूटू बाईपास क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक कार में नशे की खेप लाई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने तारादेवी जीरो प्वाइंट से करीब 100 मीटर आगे टूटू बाईपास सड़क पर काले रंग की स्विफ्ट कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार में सवार पांच लोगों के कब्जे से करीब 94 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंजित (34 वर्ष) निवासी जिला सोनीपत, इरफान (38 वर्ष) निवासी जिला झज्जर, रविकांत (30 वर्ष) निवासी जिला सोनीपत, मुकेश (47 वर्ष) निवासी जिला झज्जर और नरेन्द्र (38 वर्ष) निवासी जिला सोनीपत के रूप में हुई है। सभी आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं।

इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने शुक्रवार को बताया कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे शिमला में किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे नशे के कारोबार पर रोक लगाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा