अंतरराज्यीय चिट्टा सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार
शिमला, 08 अगस्त (हि.स.)। शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रोहड़ू हदमें एक अंतरराज्यीय चिट्टा सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें हिमाचल प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश और पंजाब के रहने वाले आरोपी भी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक रोहड़ू में शुरुआती कार्रवाई के दौरान रोहडू निवासी पिंकू राम और सुनील पुहारता को 53 ग्राम चिट्टा यानी हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाया और नशे की सप्लाई से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग स्तर पर जांच की।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्यों और बैंक खातों से जुड़ी जानकारी का विश्लेषण किया गया। इसके साथ ही नशे की सप्लाई के पीछे के संपर्कों की जानकारी जुटाई गई। इस जांच के आधार पर उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी सलमान हैदर और पंजाब के गुरदासपुर जिले के काला अफगाना निवासी 29 वर्षीय थॉमस मसीह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों को इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायरों में शामिल बताया है।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने रोहड़ू क्षेत्र के करालश गांव निवासी मनोज ठाकुर उर्फ सन्नी को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 33 वर्षीय मनोज ठाकुर की गिरफ्तारी नशे की सप्लाई से जुड़े आगे के संपर्कों की जांच के आधार पर की गई है।
पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में पांचों आरोपियों के बीच रोहड़ू क्षेत्र में सक्रिय चिट्टा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। जांच में नशे की सप्लाई के पीछे जुड़े लोगों और संपर्कों का पता लगाने के लिए डिजिटल जानकारी, बैंक खातों और अन्य साक्ष्यों का इस्तेमाल किया गया।
शिमला पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस ने कहा है कि नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए पीछे और आगे दोनों स्तरों पर जांच की गई। इसी प्रक्रिया के तहत कथित सप्लायरों और रोहड़ू क्षेत्र में नशे की सप्लाई से जुड़े लोगों तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस ने कहा कि तकनीकी विश्लेषण और वैज्ञानिक तरीके से की गई जांच के परिणामस्वरूप अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता मिली है। पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

