home page

शिमला में चिट्टा तस्करी का अंतरराज्यीय नेटवर्क उजागर, मुख्य सप्लायर चंडीगढ़ से गिरफ्तार

 | 
शिमला में चिट्टा तस्करी का अंतरराज्यीय नेटवर्क उजागर, मुख्य सप्लायर चंडीगढ़ से गिरफ्तार


शिमला, 16 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। चिट्टा तस्करी के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा आपूर्ति नेटवर्क का खुलासा किया है और इस गिरोह के मुख्य सप्लायर को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी से नशे के इस नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

यह मामला पुलिस थाना कुमारसेन में 12 मार्च को दर्ज किया गया था। इस मामले में मादक पदार्थ संबंधी कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। शुरुआती कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 12.36 ग्राम चिट्टा यानी हेरोइन बरामद की थी। इसी मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राहुल लारजु (27 वर्ष) निवासी गांव बौन्डा, तहसील रामपुर जिला शिमला, शुभम खन्ना (31 वर्ष) निवासी गांव ढेऊ डाकघर सराहन तहसील रामपुर जिला शिमला और विकास मिन्ज (26 वर्ष) निवासी तेलीगाना मंगपदा डाकघर विरानगटोली तहसील कुटरा जिला सुन्दरगढ़, ओडिशा शामिल हैं। इन आरोपियों से पूछताछ और मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने नशे की आपूर्ति की पूरी कड़ी को खंगालना शुरू किया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे मुख्य सप्लायर संजय उर्फ गांजी है, जो चंडीगढ़ के मौली जागरा कॉम्प्लेक्स का रहने वाला है। जानकारी मिलने के बाद जिला पुलिस शिमला की एक टीम तुरंत चंडीगढ़ पहुंची और वहां से संजय उर्फ गांजी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि यह नशा कहां से लाया जा रहा था और किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जा रही थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के अन्य संभावित लोगों की भी जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाना और समाज को इस बुराई से मुक्त करना है। इसके साथ ही पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशीले पदार्थों की तस्करी या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा