शिमला के कुपवी में अवैध भांग की खेती का पर्दाफाश, 811 पौधे बरामद
शिमला, 17 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिला के चौपाल उपमण्डल के तहत कुपवी में खेतों के बीच छिपाकर की जा रही अवैध भांग की खेती का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस को एक खेत में भांग के एक-दो नहीं, बल्कि 811 पौधे मिले। पुलिस ने इनमें से 20 पौधों को नमूने के रूप में जब्त किया और 791 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस मामले में मंगत राम निवासी तहसील कुपवी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत पुलिस थाना कुपवी में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस थाना कुपवी की टीम 15 सितंबर को मालत, कोठी और जुब्बली सहित आसपास के क्षेत्रों में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मंगत राम ने अपने खेतों में अवैध रूप से भांग के पौधे उगा रखे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम संबंधित गांव पहुंची और खेत की जांच की। वहां भांग के पौधे उगे मिले। मौके पर पटवारी को बुलाकर भूमि की पहचान करवाई गई। इसके बाद नायब तहसीलदार कुपवी की मौजूदगी में पौधों को उखाड़ा गया।
पुलिस के अनुसार मौके से कुल 811 पौधे बरामद हुए। इनमें से 20 पौधों को नमूने के तौर पर जब्त किया गया, जबकि 791 पौधों को वहीं नष्ट कर दिया गया। पुलिस थाना कुपवी में मामला दर्ज किया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

