शिमला : चिट्टा तस्करी मामले में चौथी गिरफ्तारी, चंडीगढ़ का सप्लायर पुलिस रिमांड पर
शिमला, 05 जून (हि.स.)। शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी से जुड़े एक मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी उस सप्लाई नेटवर्क की जांच के दौरान की गई है, जिसकी कड़ियां हिमाचल और चंडीगढ़ तक जुड़ी हुई हैं। मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार 13 मई को स्पेशल सेल शिमला की टीम ने भट्टाकुफ्फर क्षेत्र में एक वाहन की तलाशी के दौरान करीब 11 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया था। इस मामले में सबसे पहले शिमला के चौड़ा मैदान निवासी 32 वर्षीय निखिल ठाकुर और टुटीकंडी निवासी 25 वर्षीय सुलभ थापा को गिरफ्तार किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले की सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए पीछे की कड़ियों (बैकवर्ड लिंकज) पर काम किया। इसी दौरान चंडीगढ़ निवासी आकाश को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक जांच में आकाश और निखिल ठाकुर के बीच वित्तीय लेन-देन के प्रमाण मिले थे, जिससे मादक पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े अहम सुराग हाथ लगे।
अब इसी जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने चंडीगढ़ के राम दरबार इंडस्ट्रियल एरिया निवासी 28 वर्षीय बॉबी को गिरफ्तार ब किया है। पुलिस का कहना है कि बॉबी को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 29 के तहत 4 जून को गिरफ्तार किया गया।
जांच एजेंसियों के अनुसार बॉबी और निखिल ठाकुर के बीच कथित तौर पर नशा तस्करी और पैसों के लेन-देन से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। पुलिस का दावा है कि इससे मादक पदार्थों की आपूर्ति में उसकी भूमिका सामने आई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था, लेकिन तकनीकी विश्लेषण और लगातार प्रयासों के बाद उसे पकड़ लिया गया।
आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। शिमला पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों और सप्लाई नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

