शिमला में चिट्टे के साथ पांच तस्कर पकड़े
शिमला, 24 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बालूगंज थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 14.48 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला सोमवार देर रात का है। पुलिस के अनुसार बालूगंज थाना क्षेत्र में एचआरटीसी पेट्रोल पम्प के पास गश्त के दौरान पुलिस ने अविनाश चौहान उर्फ अंकू को शक के आधार पर रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6.70 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी कार्रवाई भी बालूगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के की है। पुलिस टीम को सूचना मिलने पर कोमली बैंक कैथू के पास दबिश दी गई, जहां शुभम ठाकुर, आयुष ठाकुर, विपुल ठाकुर और यश पाल ठाकुर को पकड़ा गया। पुलिस तलाशी में इनके कब्जे से 7.780 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की खेप कहां से लाई गई और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

