शिमला में 11.5 किलो अफीम बरामद, महिला समेत चार गिरफ्तार
शिमला, 14 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान पुलिस को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 11.5 किलोग्राम अफीम और हेरोइन बरामद करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मामलों की जांच अभी जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पहला मामला 26 मार्च को थाना कुमारसैन में दर्ज 9.28 किलोग्राम अफीम बरामदगी से जुड़ा है। इस मामले में बैकवर्ड लिंकेज की जांच के दौरान पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। तकनीकी और गहन जांच के आधार पर पुलिस टीम ने कंडाघाट क्षेत्र से लक्ष्मी (46 वर्ष), निवासी जिला लमजुंग, नेपाल, जो वर्तमान में कंडाघाट में लक्ष्मी टी स्टॉल चलाती है, को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 2.039 किलोग्राम अतिरिक्त अफीम बरामद की गई।
जांच में सामने आया है कि यह मादक पदार्थ उसे पहले से गिरफ्तार आरोपियों ने शिमला की ओर जाते समय रास्ते में सप्लाई किया था। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला इस नेटवर्क की लिस्टेड होलसेल ग्राहक थी और आगे अवैध वितरण की तैयारी में थी। इस मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और कुल करीब 11.5 किलोग्राम अफीम बरामद की जा चुकी है। महिला आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पांच दिन की पुलिस रिमांड में लिया गया है।
इसी दौरान एक अन्य कार्रवाई में थाना ठियोग पुलिस ने 12 अप्रैल को ठियोग के पास सड़क किनारे खड़ी एक स्विफ्ट डिज़ायर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में बैठे कुलदीप वर्मा, निवासी गांव नलेहा, तहसील ठियोग, जिला शिमला के कब्जे से 8.340 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।
इस मामले में थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद 16 अप्रैल 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि दोनों मामलों में हर पहलू से जांच की जा रही है और नशे के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

