बस में 27 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा 21 वर्षीय युवक
शिमला, 19 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नशे की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस ने बस में सफर कर रहे एक युवक को 27 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संदीप (21) निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शहर के बालूगंज थाना अंतर्गत शोघी के पास बस की तलाशी के दौरान पकड़ा।
पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल शिमला की टीम पुलिस चौकी शोघी के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम ने एक बस को चेकिंग के लिए रोका। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बस की तलाशी ली गई। इस दौरान बस में सवार संदीप के कब्जे से 27 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर 17 नवंबर को पुलिस थाना शोघी में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
पुलिस के एक अधिकारी ने वीरवार को बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसके पास चिट्टा कहां से आया था और वह इसकी आपूर्ति किससे प्राप्त करता था। पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और संभावित सप्लाई नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

