home page

नशे की सप्लाई देने आया युवक काबू, चिट्टा औऱ नशीली गोलियां बरामद

 | 
नशे की सप्लाई देने आया युवक काबू, चिट्टा औऱ नशीली गोलियां बरामद


शिमला, 08 जून (हि.स.)। शिमला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक युवक को चिट्टा और बड़ी संख्या में नशीली दवाइयों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी मादक पदार्थों की सप्लाई देने के लिए तारादेवी-टुटू बाइफरकेशन क्षेत्र में पहुंचा था।

पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल शिमला को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि 24 वर्षीय हरशल, जो मूल रूप से बिलासपुर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में शिमला के कुसुम्पटी क्षेत्र में रह रहा है, अवैध रूप से चिट्टा बेचने का कारोबार करता है। सूचना में बताया गया था कि वह तारादेवी-टुटू बाइफरकेशन क्षेत्र में नशे की खेप पहुंचाने आया हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को मौके पर संदिग्ध युवक मिला। गवाहों की मौजूदगी में उसके पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 7 ग्राम हेरोइन, जिसे आमतौर पर चिट्टा कहा जाता है, बरामद हुई। इसके अलावा 85 नशीली गोलियां और कैप्सूल भी बरामद किए गए। इनमें बुप्रेनोर्फिन एंड नालोक्सोन टैबलेट्स, मिर्टाजापीन टैबलेट्स और प्रेगाबालिन कैप्सूल शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी इन मादक पदार्थों और नशीली दवाइयों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस, अनुमति पत्र या अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 18(सी) के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि गिरफ़्तार किये गए आरोपी की पहचान हरशल पुत्र अश्वनी कुमार, उम्र 24 वर्ष, मूल निवासी जिला बिलासपुर और वर्तमान निवासी कुसुम्पटी, शिमला के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बरामद चिट्टा और नशीली दवाइयां कहां से लाई गई थीं और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा